Followers

Friday, December 12, 2025

" मानवाधिकार "


मानव-अधिकार !! 

मानव अधिकार और हक की बातें करते हैं 
मानवता का मतलब  क्या सही मायनों में समझते हैं ?
 
अमीर-गरीब , ऊँच-नीच , काले-गोरे के भेदभाव से थोड़ा आगे जरुर बढ़े हैं 
फिर भी चाली-चुगली करना,  हँसी उड़ाना , नीचे गिराना  
इस दलदल से क्या ऊपर उठे हैं ?

मानव अधिकार और हक के नाम पर मोर्चे लेकर खड़े हैं 
नारीवाद-पुरुषवाद और सत्तावाद के  खिलाफ लड़े हैं 
फिर भी मानवता और इंसानियत के पाठ क्या हमने पढ़ें हैं  ?

समाज सेवा और मदद के लिए कई कदम चलें है
नाम और शोहरत के लिए कितने रंग बदले हैं
आधुनिकता और समानता के नाम पर सिर्फ अपने मतलब सधे हैं 
निःस्वार्थ होकर कब हम अपनों के लिए पीछे हटे हैं ?

हक के लिए बेशक लड़कर इंसान करता अपनी फरियाद है 
परंतु सच तो ये है कि 
" हर दिल में मानवता " ही मानव अधिकार की बुनियाद है |

अलका डांगी 






 

Wednesday, November 5, 2025

गाँवों का शहरीकरण. !!


गाँवों का शहरीकरण  !!

प्रकृति और संस्कृति का जहाँ होता है मिलन 
सादगी और सुकून से भरा-पूरा जीवन 
पर्वत पहाड़ियों की ऊँचाइयों का आकर्षण 
खेत खलिहानों से महकता घर आँगन 
सब कुछ धीरे-धीरे दमन हो रहा है 
कि अब गाँवों का भी शहरीकरण हो रहा है 

गाय भैंस के तबेले 
पशु पक्षियों के मेले 
मौसम अनुसार सब्जी फलों के ठेले
तीज त्योहार के मेल-मिलाप और हँसी खेले
अपनेपन का समीकरण कहीं खो रहा है 
कि अब गाँवों का भी शहरीकरण हो रहा है 

कड़ी मेहनत और शुद्ध सात्विक खान-पान 
प्राकृतिक चिकित्सा और आयुर्वेदिक ज्ञान
स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की पहचान
आधुनिकता के नाम पर 
शहरों का अनुकरण हो रहा है 
कि अब गाँवों का भी शहरीकरण हो रहा है 

कृषि प्रधान मेरा गाँव मेरा देश 
जिसकी पहचान इसकी संस्कृति और परिभेष
महत्व जहाँ धर्म और कर्म का विशेष
पाश्चात्य संस्कृति और सभ्यता ने कर लिया वहाँ प्रवेश
शोर-शराबा और दिखावे की जिंदगी जीते जीते 
चेहरे पर मुस्कान है और अंतःकरण कहीं रो रहा है
कि शहरों का तो वैश्वीकरण हो रहा है 
और गांवों का शहरीकरण हो रहा है 

अलका डांगी 
 

 



 


Monday, September 15, 2025

Patriarchy - feminism या इन्सानियत ?

Patriarchy  , feminism या इंसानियत. ?

माना कि patriarchy आज भी exist करता है 
और feminism ही उसे burst करता है
सदियों से चल रही इस कुव्यवस्था के खिलाफ feminism हर दिन अपने हक की लड़ाई लड़ता है 
और स्त्रियों के वज़ूद की खातिर ये संघर्ष निरंतर चलता है 
अपने अस्तित्व की रक्षा के लिए जब ये धुंआ उठता है 
तभी बदलाव आता  है,  समाज सुधरता है 
और हर द्वार स्त्रीयों के लिए खुलता है 

पर patriarchy के नाम पर 
हर एक पुरुष के खिलाफ विद्रोह और नफरत की ज्वाला तो नहीं जगा सकते 
उसके हर कार्य पर patriarchy का नकाब तो नहीं चढ़ा सकते
feminism का गलत फायदा उठाकर हर पुरुष को गलत तो नहीं ठहरा सकते 
हर पुरुष को patriarchy की बलि तो नहीं चढ़ा सकते 

सदियों से चल रही patriarchy की परंपरा को 
तोड़कर बाहर निकलने का  भरसक प्रयत्न कर रहा है जो पुरुष वर्ग 
उसे दिल से जरूर अपना सकते हैं 
स्त्रियों की समानता और इज्जत को प्राथमिकता देने वाले हर पुरुष के साथ 
कदम से कदम मिला सकते हैं
प्रेम और सरलता से किसी के भी स्वाभिमान को बिना ठेस पहुंचाये 
धीरे-धीरे patriarchy को जड़ से मिटा सकते हैं 

स्वस्थ समाज के संचालन में स्त्री-पुरूष दोनों ही 
एक रथ के  दो पहिये हैं 
जो ज़ंग से नहीं अपितु संग और संतुलन से चला सकते है 
विद्रोही बनकर नहीं बल्कि परिस्थतियों को समझकर साथ निभा सकते है
सारे पूर्वाग्रह मिटा स्त्री पुरुष की समानता का सभी को परिचय  करा सकते हैं |
फिर patriarchy और feminism से ऊपर उठकर इन्सानियत का एक हसीन जहान बना सकते हैं 


अलका डांगी 









Friday, August 15, 2025

आजादी !

आजादी !

यह आजादी कहाँ इतनी आसान थी 
देश भक्तों और शूरवीरों का बहुत मुश्किल भरा इम्तिहान थी यह आजादी कहाँ इतनी आसान थी 
बरसों तक सरजमीं इस गूँज के लिए परेशान थी 
यह आजादी कहाँ इतनी आसान थी 

मातृ-भक्तों ने भारत माँ को सर्वोपरि चुना 
धन्य वो माताएँ जिन्होंने उन सबको जना 
जिनके रक्त के कण-कण में स्वतंत्रता और आजाद देश का बसा था सपना 
जीने-मरने की सुध कहाँ - ये लड़ाई तो देश के स्वाभिमान और सम्मान की थी 
ये आजादी कहाँ इतनी आसान थी
 
अंग्रेजों और मुगलों की हुकूमत को नेस्तनाबूद करना 
शोषण और अत्याचार की जंजीरों से देश वासियों को मुक्त करना 
अपनी संस्कृति और धरोहर की रक्षा करना 
उन वीरों के व्यक्तित्व की यही पहचान थी 
ये आजादी कहाँ इतनी आसान थी 

भारत माता की स्वतंत्रता देश भक्तों और वीरों का बलिदान थी 
यह व्यर्थ न जाए - बात है अब हम सबके भविष्य और कल्याण  की 
भारत की सभ्यता और अनमोल विरासत की पूँजी अब हाथ में है हर नौजवान की 
आजादी  , आजादी और आजादी. !! यह लड़ाई है  स्वतंत्रता स्वाधीनता और अधिकार की  
धरती पर हर इन्सान की 
सबके आत्मसम्मान की 

अलका डांगी 

Thursday, August 7, 2025

अपने पूर्वाग्रह और मापदंड !!


अपने पूर्वाग्रह और मापदंड   !

मुंबई की है -  
तो तेज तर्राट होगी 
बातें भी उसकी बेबाक होगी 
fashion का अलग ही अंदाज होगा 
disco pub में भी उसका राज होगा 
खाना तो बाहर का ही खाती होगी !
अव्वल तो खाना बनाती भी होगी ??
परिवार की क्या कदर होगी ?
संस्कारों से क्या भद्र होगी. ?

यह सोच है अधिकतर बाहर वालों की 
तो उन सबके लिए 
हाँ  हम मुंबई से हैं 
पर अपने काम से काम रखते हैं 
ना किसी से बेवजह उलझते हैं ना दखल अंदाज करते हैं कपड़ों से मॉडर्न होने का ना दावा करते हैं 
ना ही अपनी रहनी करनी पर अकड़ते हैं 
आधुनिकता हमारे विचारों में झलकती है 
सादगी हमारे दिलों दिमाग में बसती है 
हम समय के साथ चलते हैं स्वतंत्रता की मर्यादा भी समझते हैं
और हाँ ये कोई justification नहीं है ना ही सिर्फ mumbai की बात है 
ये ऐसा torture है जिससे हर क्षेत्र में किसी न किसी को गुजरना पड़ता है 
दूसरों के मापदंड और  पूर्वाग्रह से बहुत जुझना पड़ता है 
तो किसी को आँकने से पहले उसके जीवन को जी लो
या उनकी जिंदगी और तौर-तरीकों को पहले समझ लो 
ना कि किसी की राह में बाधा बनकर उसकी प्रगति को छीन लो 
ना संस्कारों का वास्ता देकर किसी को हीन गिन लो 
सब इन्सान है इन्सानियत को ही समझ लो 
बस जीवन सुन्दर बन जाएगा  थोड़ा मन सरल कर लो 

अलका डांगी 




 

Thursday, July 31, 2025

दाम्पत्य जीवन


दाम्पत्य जीवन  !!
बेशक अपनी मर्जी के मालिक हैं तुम हम 
स्वतंत्रता और आधुनिकता का हर वक्त भरते रहते हैं दम 
पर दाम्पत्य जीवन की सफलता में साथ चलना पड़ता है मिलाकर कदम से कदम
ना अभिमान की जगह यहाँ पर 
ना स्वाभिमान को रखना दाँव पर 
एक दूसरे के व्यक्तित्व का सम्मान ही 
हर दिन देता है प्रेम को जन्म 
ना पूर्वाग्रह मन में बसा कर 
ना  अपने आग्रह को जिताकर 
सरलता और सहजता से ही 
ये रिश्ता सँवरता है हरदम 
ना आरोप प्रत्यारोप लगा कर 
ना भेदभाव और कमियाँ जताकर 
परिवार में संतुलन बनाकर ही
जीत सकते हैं दिलों को हम 
पैतृक सत्ता और नारीवादी की दुहाई देकर 
फर्ज और कर्तव्य से मुँह मोड़कर 
ये कोई खेल नहीं की तुम जीतो या हम 
आखिर हार तो रिश्तों की ही होगी 
अगर साथ मिलकर ना सुलझा सके हम अपने अहम
कुछ तुम समझो कुछ समझे हम 
एक खूबसूरत रिश्ता बन सकता है 
बस चाहिए साथ मुझको तुम्हारा और तुमको हमारा 
जीवन में चाहे कितने उतार चढाव आए या आए खुशियाँ और गम 

अलका डांगी 







Sunday, July 13, 2025

खास शख्स

मुश्किल वक्त में ऐसा कोई शख्स खास होता है 
जो कि सदा हमारे आसपास होता है 
सोई उम्मीद जग जाती है  
खोई हुई मुस्कुराहट लौट आती है 
जब जब उसके होने का एहसास होता है 
मुश्किल वक्त में ऐसा कोई शख्स खास होता है 
वह हिम्मत बन कर आता है 
आस भरी दवा दे जाता है 
खुशनुमा माहौल कर जाता है 
जब जब मन उदास होता है 
मुश्किल वक्त में ऐसा कोई शख्स खास होता है
निस्वार्थ सेवा और समर्पण सा मित्र होता है 
प्रेम और करुणा से भरा हुआ अद्भुत चित्र होता है
प्रशंसा और श्रेय से कोसों दूर होता है
मानवता से सराबोर , और नहीं कोई उसे सरोकार होता है 
मदद करने के लिए तत्पर बस हर वक्त यही प्रयास होता है 
मुश्किल वक्त में ऐसा कोई शख्स खास होता है |

अलका डांगी