Followers

Thursday, May 9, 2019

माँ !


माँ 

नौ महीने कोख में रखती हो
प्रसव की पीड़ा भी चुप चाप झेलती हो
हर सुख - दुख परिवार के लिए हँस कर सहती हो
माँ! तुम ये सब कैसे कर लेती हो!

पालन - पोषण में दिन - रात एक करती हो
न जाने कब सोती, और कब जगती हो
कब वक्त निकालकर घर के कार्य पूर्ण करती हो
फिर भी सदा हँसती रहती हो
माँ! तुम ये सब कैसे कर लेती हो!

अब तुम काम पर भी जाती हो
घर की जिम्मेदारी भी साथ निभाती हो
सब के लिए दूत बनकर आती हो
फिर भी तुम कभी नहीं थकती हो
माँ! तुम ये सब कैसे कर लेती हो!

बच्चों को बड़ा जब कर लेती हो
वो सुने ना सुने, तुम उनकी सदा सुनती हो
बिन कहे भी सारे परिवार का दर्द समझती हो
अपने आँचल की छाँव में सबको सलामत रखती हो
माँ! तुम ये सब कैसे कर लेती हो!

हर पल सबके आगे पीछे रहती हो
अपने लिए तुम कब जीती हो
परिवार के लिए अपनी जान छिड़कती हो
पर खुद पर कभी अभिमान नहीं करती हो
माँ! तुम ये सब कैसे कर लेती हो!

ममता और करुणा की मूर्त हो
तुम दिल से भी कितनी ख़ूबसूरत हो
फिर क्यूँ अपना ध्यान नहीं रखती हो
अपनी अहमियत आप नहीं समझती हो
व्यर्थ सबकी चिंता करती रहती हो
कभी कोई शिकायत भी नहीं करती हो
माँ! तुम ये सब कैसे कर लेती हो!

अलका डांगी 

Saturday, May 4, 2019

सवाल और बवाल

इसने क्या कहा ?
उसने क्या किया ?
क्यों उठाते हो ये सवाल?
क्यूँ करते हो इसकी - उसकी बातों पर बवाल?
इसका - उसका, जीने का अलग तरीका
सबकी अपनी सोच, सब का अलग सलीका
अच्छाई - बुराई करके तुमने क्या सीखा? 

किसीके जीवन में ना करो दखलअंदाजी
तभी रह पाएगा वह दिल से राजी
इसकी चुगली, उसकी बुराई
क्यूँ करते हो अपनी - पराई
सबके अपने कर्म, सबकी अपनी कहानी
सही क्या, गलत क्या, न इसने जानी न उसने मानी
क्यूँ चाहते हो फिर करवाना तुम अपनी मनमानी 

उसकी खुशी मैं  क्यूँ  होती तुम्हें जलन 

उसकी हँसी मैं क्यूँ होती तुम्हें चुभन 

काश झाँक लेते कभी तुम अपना भी मन

आसान हो जाता सभी का जीवन 

सुख-दुःख की वज़ह कोई नहीं 

कर लेते अगर आत्मचिंतन 

व्यर्थ नहीं जाती ये जिंदगानी 

ना होती बैचैनी ना ही कोई परेशानी 

अपने हृदय को कोमल और सरल रख

सबको अपने तरीके से जीने का है हक

न अगर कुछ समझ आए, तो कर लेना मौन धारण
पर बनना मत किसी के क्लेश का कारण
करना है तो नेकी कर, दरिया में डाल
पर फिर ना उठाना किसी पर कोई सवाल
न करना फिर कभी इसकी - उसकी बातों पर बवाल

अलका डांगी

Thursday, May 2, 2019

मंज़िल का सफर

ख्वाहिशों को पर लगाकर
सपनों को पूरा करो
मेहनत और पुरूषार्थ से
अपनी मंज़िल हासिल करो

रोकने टोकने वाले कठिन बनाएंगे सफर
चाहने वाले बनेंगे मिल का पत्थर
बिना रुके, बिना डरे आगे बढ़ो
मेहनत और पुरुषार्थ से अपनी मंज़िल हासिल करो

झूठ, बेईमानी और लालच
सफर में साथ देने के लिए उकसाएंगे
सच्चाई और ईमानदारी मंजिल पहुंचने पर सुकून दिलाएंगे
हौसले बुलंद कर, खुद पर विश्वाश रखो
आदर्श बनकर सबका दिल जीतो
मेहनत और पुरूषार्थ से
अपनी मंज़िल हासिल करो

अलका डांगी 

Tuesday, April 23, 2019

फुर्सत के पल

वो चाय की चुस्की और दोस्तों का साथ
हँसी, ठहाके और गपशप की क्या बात
दिल खोल कर रख देते हैं
ऐसे फुर्सत के पल रोज कहाँ मिलते है
चलो उस पल को फिर जिंदा करते हैँ

आओ एक बार फिर चाय पर मिलते हैं 

इज्जत, शौहरत खूब कमाई
पैसों से भी की खूब सगाई
अब दोस्तों के साथ चंद लम्हों के लिए तरसते हैं
चलो उस पल को फिर जिंदा करते हैं

आओ एक बार फिर चाय पर मिलते हैं 

संसार की माया जाल में उलझे रहे
कुछ शब्द रह गए कहे-अनकहे
दोस्तों के सिवाए उन्हे कौन समझते हैं
चलो उस पल को फिर जिंदा करते हैं

आओ एक बार फिर चाय पर मिलते हैं 

उम्र की दराज पर जब आकर बैठते हैं
एक दूसरे का दर्द कहते और सुनते हैं
सुकून और राहत की साँस तब लेते हैं
ऐसे फुर्सत के पल रोज कहाँ मिलते हैं
चलो उस पल को फिर जिंदा करते हैं 

आओ एक बार फिर चाय पर मिलते हैं 

अलका डांगी 

Monday, April 15, 2019

मतदान

एक बार फिर मतदान होना है
जनता ने अपने नए मंत्री को चुनना है
वैसे तो ये क्रम सदियों से चला आ रहा है
शायद जनता को भी वोट देने में मजा आ रहा है
सबके मन में एक नयी उमंग है
क्यूँ न हो, नए मंत्री को चुनने की जो जंग है
नयी पार्टी, नए उम्मीदवार, साथ ही कुछ नए वादे भी
प्रजा को खुश करने और देश की उन्नति के इरादे भी
कौन सही है कौन गलत ये तो वक्त ही बताएगा
परंतु इस वक्त वोट किसे दिया जाये प्रश्न ये सताएगा
उम्मीद है कोई व्यक्ति ऐसा चुन लिया जाएगा
जो देश को हर आने वाले संकट से बचा पाएगा
अब तो इस देश को संभालनेवाले की जरूरत है
भारत माँ को एक रखवाले की जरूरत है

अलका डांगी

Thursday, April 11, 2019

योग




योग  !

सदियों पुरानी संस्कृति है योग
भारत का अभिन्न अंग और कृति है योग
सारी दुनिया पर हो रहा हावी
शारीरिक मानसिक संतुलन की है ये चाबी
योग के प्रकार अनेक
पर सभी का मकसद है एक
आसन करो या प्राणायम
थकान दूर कर, देता आराम
श्वाछोश्वाश का है ये खेल इसका नहीं कोई मेल
बच्चें, बड़े सभी इसे अपनाएं
स्वस्थ तन-मन, निरोगी काया पाएँ

अलका डांगी

Wednesday, April 10, 2019

भाषा का स्वभाव

अभिव्यक्ति का माध्यम है
स्वभाव की परिभाषा
अपना अपना अंदाज है
सबकी अपनी अपनी भाषा
संबंधों को मधुर बनाती
कभी स्वजनों से दूर कराती
व्यंग्य कटाक्ष से ठेस पहुँचाती
हास्य से चेहरों पर मुस्कान बिखराती
हर पल अपना अलग रंग दिखलाती
चंचल चतुर और चालाक भी है भाषा
सीधी, सरल जल्द समझ आती
गोल गोल माया का जाल बनाती
कभी रिश्ते बनाती
कभी चक्रव्यूह में है उलझाती
मगर प्रेम और सत्य से ईश्वर के करीब ले जाती है भाषा
और सबसे मासूम एवं निर्दोष होती है
बच्चों के कोमल मन की भाषा
न माप तौल कर बोली जाती
ना ही किसी का दिल दुखाती
सबके मन को लुभाती
इतनी प्यारी हो सबकी भाषा
विनय विवेक और मिठास से जुड़ी रहे
ना रहे कोई आशा और निराशा
अपना अपना अंदाज
अपनी अपनी भाषा

अलका डांगी