Followers

Friday, April 24, 2026

पृथ्वी !

पृथ्वी. !!
धरती ,  आकाश , सागर और हरियाली अनेक 
सबको एक नजर अपने दिल से तो देख 
पृथ्वी के ये विभिन्न अंग ,प्रकृति की सुन्दर रचना
जिससे जुड़ा इंसान और प्राणी हर एक 
पूरा जीवन आश्रित इन पर, 
फिर भी इनकी सुध नहीं , 
न करते इनकी सही देखरेख 
ना उपयोग में विवेक 
ना आचरण में इनके संरक्षण का उल्लेख 

भूमंडल इसका तप रहा है 
ग्लेशियर धीरे-धीरे पिघल रहा है 
जंगल जलकर खाक हो रहे हैं 
पशु पक्षी लुप्त हो रहे हैं  
आशियाने  उनके समाप्त हो रहे हैं
मौसम के मिजाज बदल रहे हैं 
कट रहे हैं पर्वत., खेत और खलिहान 
पर्यावरण में प्रदूषण का शोर  है 
त्राहि त्राहि मच रही चारों ओर  है 
आज पृथ्वी की रूह काँप रही है 
जैसे कोई अनहोनी को वह भाँप गई है 

क्या हम मानव इस बदलाव से सच में हैं अनजान ?
या फिर अपने कर्तव्य के प्रति ही  हैं बेईमान
कि पृथ्वी की प्राकृतिक संपदा को भी अपना लिया मान
इसके संरक्षण का ना करते कभी आह्वान 
उपभोग-परिभोग में मशगूल 
न रहा इसके अस्तित्व का किसी को कोई भान 
अपनी शक्ति , अपनी सत्ता और सामर्थ्य पर होता बड़ा गुमान
पृथ्वी की धरोहर पर भी अब कब्जा करना चाहता इंसान 
कैसा बन रहा है नादान. !

इस बात से कोई नहीं अनभिज्ञ 
कि हम सब हैं यहाँ कुछ दिन के ही मेहमान
आने वाली पीढ़ी के भविष्य का भी रखना होगा ध्यान 
क्या कर सकते इतना एहसान 
अपने मौज , शोख और स्वार्थ की खातिर 
पृथ्वी की इस अनमोल धरोहर को न पहुँचाएँगे कोई नुकसान 
इसकी रक्षा, इसका बचाव, जिम्मेदारी हमारी ये मान 
और यही इस वक़्त अनिवार्य  ये भी ले तू  जान 
अपना  फर्ज  निभाकर ही चुका सकते धरती माता के इस कर्ज का एहसान 
कि अब हम इंसानों के ही हाथों में है 
पृथ्वी की सुरक्षा की कमान !

अलका डांगी 

Thursday, April 23, 2026

किताब !


किताब. !

किताब ज्ञान का भंडार है
जीवन का क़ीमती उपहार है 
किताब अपने आप में पूरा संसार है 
किताब किसी का जीवन है 
किताब किसी की कहानी 
किताब किसी का शौक है 
किताब में ही बसती किसी की जिंदगानी 
किताब किसी की आत्मकथा 
किताब किसी के जीवन की व्यथा
किताब प्रेम कहानी है 
किताब मौजों की रवानी है 
किताब से किसी का जन्मों का नाता है 
किताब की दुनिया में व्यक्ति कभी खो जाता है  
तो किताब में ही जीवन का गूढ़ रहस्य पा जाता है 
किताब पुस्तकालय की शान है 
लेखक का अभिमान है 
सफलता की कुंजी है 
साक्षरता की पहचान है 

अलका डांगी 


Sunday, April 19, 2026

विमल अंकल

अर्हम 
कविता लिखना एक कला है उस कला में जीवंतता भरना भी एक संजीदगी लगता है इस कार्य में अथक परिश्रम  किया है हमारे परिवार की सदस्य श्रीमती अलका विवेक डांगी ने इन्होंने जब से हमारे परिवार में अपनी गौरवशाली सोच , जिसे सकारात्मकता का रूप देकर धैर्य जैसी शक्ति से अपने आप को बनाया उसमें पूर्ण सहयोगी बना हमारा परिवार एवं पुत्रवत श्री विवेक डांगी |
लंबे समय से अपने आप को धैर्यता से आगे बढ़ाना,  परिवार में विशेष सहनशीलता , सेवा भावना से ओतप्रोत  रखना हमेशा उनका साथ दिया हमारे प्रियनुप्रिय कुमार प्रणव और  कुमारी प्रिशा ने |
सब जिम्मेदारियां को बखूबी निभाते हुए अलका ने अपनी कविताओं में अपनी ओजस्विता को भरने का प्रयास किया यह हमारे लिए और हमारे परिवार के लिए बहुत ही गौरवान्वित है |  इसमें श्रीमान शाह जी श्री शांतिलाल जी डागलिया के परिवार का बहुत आभार जिन्होंने हमें इस रिश्तेदारी से जोड़ा एवं तीन पीढ़ी का संबंध बनाया मैं अपने परिवार की ओर से शुभ आशीष और आशीर्वाद से ओतप्रोत  रखना चाहूंगा श्रीमती अलका विवेक डांगी को जो अनवरत आगे इसी हौसले से बुलंदता लिए अपनी लेखनी में निखारता लिए बढ़ते रहे,  सदा स्वस्थ प्रसन्न रहें 
शुभ आशीष 
विमल कुमार सोनी एवं समस्त परिजन

जिसे मैं मानता अपना परिवार 
जिसे मैं मानता सेवा की प्रतिमूर्ति 
जिसे मैं मानता सहिष्ण सहिष्णुता की प्रतिमूर्ति 
जिसे मैं मानता धैर्यता की प्रति मूर्ति 
जिसे मैं मानता सकारात्मकता की प्रतिमूर्ति 
जिसे मैं मानता समता  की सहजन 
शुभ आकांक्षा आशीर्वाद 
विमल कुमार सोनी एवं परिजन

Saturday, April 18, 2026

विवेक डांगी

सरलता और सादगी की मिसाल , हर समय सबके लिए खड़ी रहने वाली अलका को अपनी किताब का सपना आज पूरा होने जा रहा है उसके लिए अभिनंदन | जिस भी चीज को तुमने अनुभव किया उसे एक कविता का रूप दे दिया , सही सोच और दूर दृष्टि यही काबिलियत ही तुम्हें कविता लिखने के लिए सदा प्रेरित करती रहती है  , तुम जीवन में जितना हो सके उतना लिखती रहो ..पूरी तरह हाउसवाइफ होने के साथ-साथ तुमने अपना यह एक अलग मुकाम बनाया यह काबिले तारीफ है इसी तरह सदा आगे बढ़ती रहो और मैं हमेशा तुम्हारे साथ खड़ा रहूंगा
विवेक डांगी 

Wednesday, March 18, 2026

माया ,कपट , राजनीति या सच्चा प्रेम. !!

माया  , कपट,  राजनीति या सच्चा प्रेम  !!

क्या तुमने कभी माया को समझा है
अदृश्य होकर अपना खेल खेलती है 
प्यार और मासूमियत का मुखौटा पहनती है 
अपने स्वार्थ की पराकाष्ठा होती है
दाँव पेंच में ही रचती बसती है 
बड़ी बेगैरत होती है 

क्या तुमने कभी कपट का रूप देखा है 
विश्वासघात का असली झरोखा है
दोगलापन और मक्कारी बेहिसाब है
अपने फरेब को छिपाने के लिए पहनता सदा शालीनता और सच्चाई का नकाब है
जीवन का सबसे बड़ा दाग है 

क्या तुम कभी राजनीति का शिकार हुए हो 
माया कपट से भरी,  शतरंज की चाल से लेस 
ईर्ष्या-जलन , असुरक्षित भावना,  जाने कितने मन में लेकर द्वेष
पद प्रतिष्ठा की चाह में कराती हैं क्लेश 
जिद्द,  जुनून और खोखली बातों की मिसाल है 
ज़मीर पर उठता एक सवाल है 

क्या तुमने कभी सच्चे प्रेम को महसूस किया है 
निःस्वार्थ,  निष्कपट प्यार का सागर 
करुणा और भावनाओं से छलकता गागर
सरल,  सहज,  स्वाभाविक और समझदार
यही है सुखमय जीवन का असली आधार
माया,  कपट और राजनीति के लिए बंद है उसके द्वार 
अंतरात्मा कभी नहीं करती इन्हें स्वीकार 
अपनाना है तो प्रेम को अपनाओ 
यही देगा आत्मिक सुख और होगा जीवन का उद्धार 

अलका डांगी 
 


 


Monday, March 2, 2026

होली के कुछ अलग रंग !

होली के कुछ अलग रंग !!

इस बार होली में द्वेष और ईर्ष्या का दहन करते हैं 
सबके जीवन में प्रेम और वात्सल्य का रंग भरते हैं
 
बढ़ रहा है जो आपसी संबंधों में अन्तर 
उसमें विश्वास के रंग भरकर दूरियाँ कम करते हैं 
रिश्तों की कड़वाहट को नम्रता की मिठास से खत्म करते हैं 

निराशा और हताशा से भरे है जिनके चित्त 
आस्था की किरणों से उत्साह के रंगों की ज्योत करते हैं
नफरत की दीवार को चाहत के रंगों से ओतप्रोत करते हैं 

ये पर्व है खुशियों का,  मिलन का,  बुराई पर अच्छाई की जीत का 
चलो फिर आत्मा को जीत कर हर आत्मा को आत्म विभोर करते हैं 
इस पर्व को आनंद और खुशियों के रंगों से सराबोर करते हैं 

सबके जीवन में प्रेम और वात्सल्य का रंग भरते हैं 
इस बार होली में द्वेष और ईर्ष्या का दहन करते हैं 

अलका डांगी 

 
 

Wednesday, February 25, 2026

परम सत्य. !!


परम सत्य  !

समय भी लेता है कैसी ये करवट 
जिन के लिए करते जीवन भर मशक्कत 
हर वक्त उन्हीं के दिल में रहती अपनों से शिकायत 
ऐसे बेचैन मन की हजारों चाहत 
खुशी सर्वोत्तम , पद उच्चतम , शीघ्र बरकत 
ईर्ष्या , जलन और तुलना में 
कुंठित मन करता रहता सबको आहत 
बेबस लाचार बनकर औरों की नजरों में पाना चाहता इज्जत 
राजनीति के दाँव -पेंच से करना चाहता हुकूमत 
अच्छे - बुरे का भान नहीं, कर रहा कैसी हरकत 
अपना स्वार्थ सद्धता जहाँ , करता रहा सदा वहीं खिदमत 
दो रूप , दो रंग , दोगलापन - आखिर कहाँ तक 
आधा सच,  आधा झूठ , माया - कपट 
खोखली बातों का कर रहा सिर्फ जमघट 
अन्तर्मन कैसे देता है इन सब की इजाजत 
दूसरों के दोष देखते और दिखाते भूल रहा है कि 
हम भी हो सकते हैं  कभी गलत 
प्रेम की बातें बहुत करते हैं पर खुद फैला रहे धीमा ज़हर  और नफरत 
क्या मिसाल कायम होगी जब मिट रही सच्चाई और ईमानदारी की हसरत
शान्ति और सुकून का नहीं ये पथ 
समय रहते समझ लेना हे मानव  !
शिकायत नहीं अपितु स्वीकृति और संतुष्टि से ही मिलता है अपनत्व 
सरलता और सहजता से ही हासिल हो सकता है सम्यगत्व
कि आत्म दर्शन ही है इस जीवन का आखिरी और परम सत्य 
अलका डांगी 




Friday, December 12, 2025

" मानवाधिकार "


मानव-अधिकार !! 

मानव अधिकार और हक की बातें करते हैं 
मानवता का मतलब  क्या सही मायनों में समझते हैं ?
 
अमीर-गरीब , ऊँच-नीच , काले-गोरे के भेदभाव से थोड़ा आगे जरुर बढ़े हैं 
फिर भी चाली-चुगली करना,  हँसी उड़ाना , नीचे गिराना  
इस दलदल से क्या ऊपर उठे हैं ?

मानव अधिकार और हक के नाम पर मोर्चे लेकर खड़े हैं 
नारीवाद-पुरुषवाद और सत्तावाद के  खिलाफ लड़े हैं 
फिर भी मानवता और इंसानियत के पाठ क्या हमने पढ़ें हैं  ?

समाज सेवा और मदद के लिए कई कदम चलें है
नाम और शोहरत के लिए कितने रंग बदले हैं
आधुनिकता और समानता के नाम पर सिर्फ अपने मतलब सधे हैं 
निःस्वार्थ होकर कब हम अपनों के लिए पीछे हटे हैं ?

हक के लिए बेशक लड़कर इंसान करता अपनी फरियाद है 
परंतु सच तो ये है कि 
" हर दिल में मानवता " ही मानव अधिकार की बुनियाद है |

अलका डांगी 






 

Wednesday, November 5, 2025

गाँवों का शहरीकरण. !!


गाँवों का शहरीकरण  !!

प्रकृति और संस्कृति का जहाँ होता है मिलन 
सादगी और सुकून से भरा-पूरा जीवन 
पर्वत पहाड़ियों की ऊँचाइयों का आकर्षण 
खेत खलिहानों से महकता घर आँगन 
सब कुछ धीरे-धीरे दमन हो रहा है 
कि अब गाँवों का भी शहरीकरण हो रहा है 

गाय भैंस के तबेले 
पशु पक्षियों के मेले 
मौसम अनुसार सब्जी फलों के ठेले
तीज त्योहार के मेल-मिलाप और हँसी खेले
अपनेपन का समीकरण कहीं खो रहा है 
कि अब गाँवों का भी शहरीकरण हो रहा है 

कड़ी मेहनत और शुद्ध सात्विक खान-पान 
प्राकृतिक चिकित्सा और आयुर्वेदिक ज्ञान
स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की पहचान
आधुनिकता के नाम पर 
शहरों का अनुकरण हो रहा है 
कि अब गाँवों का भी शहरीकरण हो रहा है 

कृषि प्रधान मेरा गाँव मेरा देश 
जिसकी पहचान इसकी संस्कृति और परिभेष
महत्व जहाँ धर्म और कर्म का विशेष
पाश्चात्य संस्कृति और सभ्यता ने कर लिया वहाँ प्रवेश
शोर-शराबा और दिखावे की जिंदगी जीते जीते 
चेहरे पर मुस्कान है और अंतःकरण कहीं रो रहा है
कि शहरों का तो वैश्वीकरण हो रहा है 
और गांवों का शहरीकरण हो रहा है 

अलका डांगी 
 

 



 


Monday, September 15, 2025

Patriarchy - feminism या इन्सानियत ?

Patriarchy  , feminism या इंसानियत. ?

माना कि patriarchy आज भी exist करता है 
और feminism ही उसे burst करता है
सदियों से चल रही इस कुव्यवस्था के खिलाफ feminism हर दिन अपने हक की लड़ाई लड़ता है 
और स्त्रियों के वज़ूद की खातिर ये संघर्ष निरंतर चलता है 
अपने अस्तित्व की रक्षा के लिए जब ये धुंआ उठता है 
तभी बदलाव आता  है,  समाज सुधरता है 
और हर द्वार स्त्रीयों के लिए खुलता है 

पर patriarchy के नाम पर 
हर एक पुरुष के खिलाफ विद्रोह और नफरत की ज्वाला तो नहीं जगा सकते 
उसके हर कार्य पर patriarchy का नकाब तो नहीं चढ़ा सकते
feminism का गलत फायदा उठाकर हर पुरुष को गलत तो नहीं ठहरा सकते 
हर पुरुष को patriarchy की बलि तो नहीं चढ़ा सकते 

सदियों से चल रही patriarchy की परंपरा को 
तोड़कर बाहर निकलने का  भरसक प्रयत्न कर रहा है जो पुरुष वर्ग 
उसे दिल से जरूर अपना सकते हैं 
स्त्रियों की समानता और इज्जत को प्राथमिकता देने वाले हर पुरुष के साथ 
कदम से कदम मिला सकते हैं
प्रेम और सरलता से किसी के भी स्वाभिमान को बिना ठेस पहुंचाये 
धीरे-धीरे patriarchy को जड़ से मिटा सकते हैं 

स्वस्थ समाज के संचालन में स्त्री-पुरूष दोनों ही 
एक रथ के  दो पहिये हैं 
जो ज़ंग से नहीं अपितु संग और संतुलन से चला सकते है 
विद्रोही बनकर नहीं बल्कि परिस्थतियों को समझकर साथ निभा सकते है
सारे पूर्वाग्रह मिटा स्त्री पुरुष की समानता का सभी को परिचय  करा सकते हैं |
फिर patriarchy और feminism से ऊपर उठकर इन्सानियत का एक हसीन जहान बना सकते हैं 


अलका डांगी 









Friday, August 15, 2025

आजादी !

आजादी !

यह आजादी कहाँ इतनी आसान थी 
देश भक्तों और शूरवीरों का बहुत मुश्किल भरा इम्तिहान थी यह आजादी कहाँ इतनी आसान थी 
बरसों तक सरजमीं इस गूँज के लिए परेशान थी 
यह आजादी कहाँ इतनी आसान थी 

मातृ-भक्तों ने भारत माँ को सर्वोपरि चुना 
धन्य वो माताएँ जिन्होंने उन सबको जना 
जिनके रक्त के कण-कण में स्वतंत्रता और आजाद देश का बसा था सपना 
जीने-मरने की सुध कहाँ - ये लड़ाई तो देश के स्वाभिमान और सम्मान की थी 
ये आजादी कहाँ इतनी आसान थी
 
अंग्रेजों और मुगलों की हुकूमत को नेस्तनाबूद करना 
शोषण और अत्याचार की जंजीरों से देश वासियों को मुक्त करना 
अपनी संस्कृति और धरोहर की रक्षा करना 
उन वीरों के व्यक्तित्व की यही पहचान थी 
ये आजादी कहाँ इतनी आसान थी 

भारत माता की स्वतंत्रता देश भक्तों और वीरों का बलिदान थी 
यह व्यर्थ न जाए - बात है अब हम सबके भविष्य और कल्याण  की 
भारत की सभ्यता और अनमोल विरासत की पूँजी अब हाथ में है हर नौजवान की 
आजादी  , आजादी और आजादी. !! यह लड़ाई है  स्वतंत्रता स्वाधीनता और अधिकार की  
धरती पर हर इन्सान की 
सबके आत्मसम्मान की 

अलका डांगी 

Thursday, August 7, 2025

अपने पूर्वाग्रह और मापदंड !!


अपने पूर्वाग्रह और मापदंड   !

मुंबई की है -  
तो तेज तर्राट होगी 
बातें भी उसकी बेबाक होगी 
fashion का अलग ही अंदाज होगा 
disco pub में भी उसका राज होगा 
खाना तो बाहर का ही खाती होगी !
अव्वल तो खाना बनाती भी होगी ??
परिवार की क्या कदर होगी ?
संस्कारों से क्या भद्र होगी. ?

यह सोच है अधिकतर बाहर वालों की 
तो उन सबके लिए 
हाँ  हम मुंबई से हैं 
पर अपने काम से काम रखते हैं 
ना किसी से बेवजह उलझते हैं ना दखल अंदाज करते हैं कपड़ों से मॉडर्न होने का ना दावा करते हैं 
ना ही अपनी रहनी करनी पर अकड़ते हैं 
आधुनिकता हमारे विचारों में झलकती है 
सादगी हमारे दिलों दिमाग में बसती है 
हम समय के साथ चलते हैं स्वतंत्रता की मर्यादा भी समझते हैं
और हाँ ये कोई justification नहीं है ना ही सिर्फ mumbai की बात है 
ये ऐसा torture है जिससे हर क्षेत्र में किसी न किसी को गुजरना पड़ता है 
दूसरों के मापदंड और  पूर्वाग्रह से बहुत जुझना पड़ता है 
तो किसी को आँकने से पहले उसके जीवन को जी लो
या उनकी जिंदगी और तौर-तरीकों को पहले समझ लो 
ना कि किसी की राह में बाधा बनकर उसकी प्रगति को छीन लो 
ना संस्कारों का वास्ता देकर किसी को हीन गिन लो 
सब इन्सान है इन्सानियत को ही समझ लो 
बस जीवन सुन्दर बन जाएगा  थोड़ा मन सरल कर लो 

अलका डांगी 




 

Thursday, July 31, 2025

दाम्पत्य जीवन


दाम्पत्य जीवन  !!
बेशक अपनी मर्जी के मालिक हैं तुम हम 
स्वतंत्रता और आधुनिकता का हर वक्त भरते रहते हैं दम 
पर दाम्पत्य जीवन की सफलता में साथ चलना पड़ता है मिलाकर कदम से कदम
ना अभिमान की जगह यहाँ पर 
ना स्वाभिमान को रखना दाँव पर 
एक दूसरे के व्यक्तित्व का सम्मान ही 
हर दिन देता है प्रेम को जन्म 
ना पूर्वाग्रह मन में बसा कर 
ना  अपने आग्रह को जिताकर 
सरलता और सहजता से ही 
ये रिश्ता सँवरता है हरदम 
ना आरोप प्रत्यारोप लगा कर 
ना भेदभाव और कमियाँ जताकर 
परिवार में संतुलन बनाकर ही
जीत सकते हैं दिलों को हम 
पैतृक सत्ता और नारीवादी की दुहाई देकर 
फर्ज और कर्तव्य से मुँह मोड़कर 
ये कोई खेल नहीं की तुम जीतो या हम 
आखिर हार तो रिश्तों की ही होगी 
अगर साथ मिलकर ना सुलझा सके हम अपने अहम
कुछ तुम समझो कुछ समझे हम 
एक खूबसूरत रिश्ता बन सकता है 
बस चाहिए साथ मुझको तुम्हारा और तुमको हमारा 
जीवन में चाहे कितने उतार चढाव आए या आए खुशियाँ और गम 

अलका डांगी 







Sunday, July 13, 2025

खास शख्स

मुश्किल वक्त में ऐसा कोई शख्स खास होता है 
जो कि सदा हमारे आसपास होता है 
सोई उम्मीद जग जाती है  
खोई हुई मुस्कुराहट लौट आती है 
जब जब उसके होने का एहसास होता है 
मुश्किल वक्त में ऐसा कोई शख्स खास होता है 
वह हिम्मत बन कर आता है 
आस भरी दवा दे जाता है 
खुशनुमा माहौल कर जाता है 
जब जब मन उदास होता है 
मुश्किल वक्त में ऐसा कोई शख्स खास होता है
निस्वार्थ सेवा और समर्पण सा मित्र होता है 
प्रेम और करुणा से भरा हुआ अद्भुत चित्र होता है
प्रशंसा और श्रेय से कोसों दूर होता है
मानवता से सराबोर , और नहीं कोई उसे सरोकार होता है 
मदद करने के लिए तत्पर बस हर वक्त यही प्रयास होता है 
मुश्किल वक्त में ऐसा कोई शख्स खास होता है |

अलका डांगी 


Wednesday, June 18, 2025

मेरा शहर !

मेरा शहर  !

मेरे शहर का यह कैसा विकास हो रहा है 
ऊंची-ऊंची इमारतों का निर्माण आसपास हो रहा है 
आम आदमी खुली सड़क और खुले मैदान खोज रहा है
हर गली हर नाके पर सिर्फ शोर हो रहा है 
सिर्फ बाहर ही नहीं अब अंतर्मन भी अशान्त हो रहा है 
मेरे शहर का यह कैसा विकास हो रहा है 

यातायात की सुविधा के लिए मेट्रो के फेज बन रहे हैं 
ट्रैफिक से उबरने के लिए ब्रिज पर ब्रिज चढ़ रहे हैं
सुविधा के लिए हर कोई अपनी मुमकिन कोशिश कर रहा है 
फिर भी भीड़ पर नियंत्रण खो रहा है  
मेरे शहर का यह कैसा विकास हो रहा है 

बरसों पुराने हरे-भरे पेड़ कट रहे हैं 
सागर का तट भी कहीं खो रहा है 
आधुनिकता और विज्ञान का चमत्कार हो रहा है 
फिर भी हर कोई धैर्य और संयम की परीक्षा दे रहा है 
मेरे शहर का यह कैसा विकास हो रहा है 

प्रदूषण का स्तर ऊँचाई छू रहा है 
पशु पक्षियों का आवागमन कम हो रहा है 
प्रकृति के साथ नित्य नया खिलवाड़ हो रहा है 
फिर भी ये शहर हँसते हँसते-हँसते बढ़ती जनसंख्या का बोझ ढ़ो रहा है 
मेरे शहर का यह कैसा विकास हो रहा है

अलका डांगी 

Tuesday, April 15, 2025

दीदी कहूँ या छोटी माँ चाहिए कहना 
परिवार का हो तुम ऐसा अमूल्य गहना 
छोटी उम्र बड़ी जिम्मेदारियाँ 
कैसे निभाती गई तुम हमेशा बहना 

सहनशीलता की मूर्त बनकर 
हर चुनौती को मात देकर 
सुख-दुख में अपनों की ढाल बनकर 
सदा अटल खड़ी थी तुम बहना 

सरल मन सीधी बात 
ईमानदारी और सच्चाई का चोला सदा पहना 
अपनी महत्वाकांक्षा और सपने छोड़ 
निःस्वार्थ भाव से कैसे परिवार में तुम ढलती गई बहना 

चिंता और परवाह सब की बराबर 
मन में सबके लिए दया और करुणा 
धर्म और आध्यात्मिक जीवन अपनाकर 
कैसे तप त्याग में समर्पित होती गई तुम बहना 

तुम्हारे पुण्योदय का फूल खिला है 
वर्षीतप का आभूषण जो तुमने झेला 
हर्ष उल्लास की  ये मंगल बेला 
पूरे परिवार का तुम्हारे आँगन में लगा है जैसे मेला
तुम्हारे त्याग और समर्पण की देन कहें इसे 
या भगवान का आशिर्वाद है ये बहना 

हम सब की दुआओं में सदैव रहना 
खुशियाँ कदम चूमे सारे जहाँ की 
हँसता मुस्कराता फलता-फूलता रहे तुम्हारा घर अंगना 
चाहे तप करो या कोई भी कार्य 
प्रगति पथ पर हमेशा आगे बढ़ते रहना 
ओ बहना दीदी कहूँ या छोटी माँ चाहिए कहना 
अपना प्रेम सब पर यूँ ही बनाए रखना 

अलका डांगी 




 



Thursday, April 10, 2025

मेरे  प्रभु महावीर  !

मेरे तन-मन में बसे महावीर 
मेरे रग-रग में  बसे महावीर 
सच्चे धर्म की राह दिखाने वाले 
आत्मा की पहचान कराने वाले 
उपकारी प्रभु के ऋणी हैं 
जिनने प्रकाश देकर दूर किया तिमिर 
अहिंसा का प्रचार बढ़ाने वाले
अनेकांतवाद का रहस्य समझाने वाले
केवलज्ञानी प्रभु ने ज्ञान कराया
कि आत्मा शास्वत और नश्वर है शरीर
अब उनकी वाणी को आत्मसात करना है 
परमात्मा का दर्शन साक्षात करना है 
तन-मन-धन से प्रभु भक्ति में होकर तल्लीन 
धर के संयम और धीर 
मेरे तन-मन में बसे महावीर 
मेरे रग-रग में बसे महावीर 

अलका डांगी 










Tuesday, February 11, 2025

अनदेखा पहलू !!

अनदेखा पहलू. !! 

आदमी होना इतना आसान कहाँ होता है | पुरुषवाद और पैतृक सत्ता की जंजीरों में आदमी इस तरह जकड़ा होता है कि बाहर निकलने की कितनी भी कोशिश करें अपनी छाप मिटा नहीं पाता खासतौर से नारीवादी मानसिकता उसे समझने और स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं होती उनकी नजरें हर पल , हर वक्त उन पर घड़ी ही रहती है और अपने पूर्वाग्रहों से अपने  दृष्टिकोण से उन्हें आँकती रहती है |

यह बात सही है की एक समय था जब आदमी औरतों का शोषण करते थे,  हुकुम चलाते थे और उन्हें घर की दहलीज भी पार नहीं करने देते थे और पैतृक सत्ता का दुरुपयोग कर स्त्रियों को अपने अधिकार से वंचित रखते थे और यह भी हकीकत है कि इस मानसिकता से कई आदमी आज भी ग्रसित हैं और औरतों पर अपना अधिकार और हुकुम चलाना अपनी शान समझते हैं और इस सबसे बाहर निकलना भी नहीं चाहते  - चाहे वह पढ़े लिखे शहरी आदमी हो या किसी गाँव या पिछड़े हुए प्रदेश से हो | परंतु इसका खामियाजा एक साधारण आदमी को भी भुगतना पड़ता है जो समय के साथ काफी आगे बढ़ चुका है और अपने आप को और अपनी मानसिकता को बदलने की पूरी कोशिश कर रहा है  | स्त्रियों के सम्मान और उनके हक के लिए उनके साथ खड़े होने की पूरी कोशिश कर रहा है पर फिर भी हर वक़्त हर कदम पर उसे सम्भल कर रहना पड़ता है क्यूँ कि हकीकत में कई औरतें खुद भी पूर्वाग्रह की शिकार होती हैं और अपने नारीवाद का फायदा उठाकर आदमियों का शोषण करती है |जहाँ एक तरफ समानता की बात करती है वहीँ आदमी की स्वतंत्रता को अपने हाथ में लेना चाहती है और अपनी नारीवादी  दृष्टिकोण और सोच के कारण आदमी कितना भी स्वतंत्र विचार का हो और उसे पूर्ण सहयोग करें फिर भी नफरत का शिकार होता है | ऐसे आदमी की मनःस्थिति कोई समझ नहीं पाता ये बड़े दुःख की बात है  |

भारतीय संस्कृति में खास तौर पर आदमी हमेशा एक द्वंद्व में फंसा रहता है घर के बड़े बुजुर्ग उसका घर के कामों में सहयोग करना , बच्चों के पालन-पोषण में मदद करना , घर संभालना ,रसोईघर में काम करना जैसे कई काम जो पहले सिर्फ स्त्रियाँ करती थी अब स्वेच्छा से पुरुष करता भी है तो बड़े बुजुर्ग यह स्वीकार नहीं कर पाते या उनके सहमित्र और परिवार वाले जिनकी मानसिकता आज भी संकीर्ण है वह उनकी हँसी उड़ाते हैं और आदमी समाज के तानों और हँसी का शिकार होता है और मानसिक परेशानियों से गिरा रहता है | 
बहुत से स्त्रियाँ बड़ी मौका परस्त भी होती है आधुनिकता और स्वतंत्रता के नाम पर वह घर से बाहर रहना चाहती है..ना घर सम्हालना पसंद है  और ना नौकरी करना चाहती है  बस शॉपिंग करना , किटी पार्टी करना और दोस्तों के साथ गपशप करना, चाली चुगली करना, घूमना फिरना इसे ही नारीवादी,  आधुनिकता और स्वतंत्रता का नाम देती है  स्त्रियाँ तो अपना मन हो तो काम कमाई करें नहीं भी करें , करियर बनाएं नहीं भी बनाएं  जो कि आज के ज़माने में नामुमकिन है  , फिर भी उसकी तरफ कोई उंगली नहीं उठा सकता परंतु आदमी पर पूरे घर की जिम्मेदारी , परिवार की जिम्मेदारी और समाज की दृष्टि रहती है वह सपने में भी कुछ नहीं करने और घर बैठने का सोच नहीं सकता  | कुछ संकीर्ण मानसिकता वाले पुरुषों के कारण स्त्रियों को कोई हक नहीं होता कि हर पुरुष को इस कटघरे में खड़ा कर उसे प्रताड़ित करें और पुरुष की कौम को बदनाम करे  |
स्त्री हो या पुरुष सबसे पहले इंसान होते हैं और दोनों को पूरा हक है कि वह अपना जीवन अपने तरीके से, पुरी स्वतंत्रता के साथ जियें बशर्ते एक दूसरे को भी उतना ही सम्मान दें जितना वो खुद  के लिए अपेक्षा रखते हैं किसी की स्वतंत्रता को  नियंत्रण करने और उस पर हावी होने की कोशिश नहीं करे ना ही एक दूसरे को स्त्रीत्व और पुरुषत्व के नाम से प्रताड़ित  करें | दोनों को एक दूसरे के परिवार का मान सम्मान और समाज में अपनी इज्जत और मर्यादा में रहकर अपना जीवन खुशी से जीना चाहिए और भावी पीढ़ी के लिए भी एक आदर्श मिसाल कायम करनी चाहिए |

अलका डांगी 
    


   

Wednesday, December 18, 2024

चुल्हा !

चूल्हा 

रसोई घर की रंगत है 
अग्नि की संगत है 
जलकर सब की भूख शांत करता है 
दिन निकलता है 
हर घर चूल्हा जलता है 

कभी धीमी तो कभी तेज गति 
जरूरत अनुसार लय-ताल बदलता है 
अन्न के हर निवाले में स्वाद भरता है 
दिन निकलता है 
हर घर चूल्हा जलता है 

वार- त्यौहार , प्रसंग अनुसार सदाबहार मचलता है 
अपनों के गम में शोक व्यक्त कर बुझता है 
फिर दिन निकलता है 
हर घर चूल्हा जलता है 

अमीर गरीब हर घर 
गांव  - शहर ,  प्रकृति वही,  पर रूप बदलकर 
सबको चैन से सुला कर ठंडी आह भरता है 
दिन निकलता है 
हर घर चूल्हा जलता है

अलका डांगी 

Sunday, December 1, 2024

सीख !


कुछ सीख लेते हैं संसार से 
कि सर्वोच्च शक्ति के आगे सभी को झुकना है 
कुदरत के नियम और सृष्टि की संरचना में ढलना है
समय के साथ गतिशील रहना है 
संयम और संतोष के साथ सदा जीना है 
सामाजिक और व्यवहारिक आचरण में संतुलन बनाकर रखना है 

कुछ सीख लेते हैं जीवन से 
कि सदाचार का आचरण करना है 
विपरीत परिस्थितियों में भी साहस का परिचय देना है 
ना शोषण करना है ना शोषित होना है 
मुस्कराते हुए कर्तव्य पथ से गुजरना है 

कुछ सीख लेते हैं अंतर्दृष्टि से भी 
कि गम हो या खुशी समता में रहना सीखना है 
अपनों - बेगानों का दर्द  एक समान समझना है 
तर्क-वितर्क से नहीं दृष्टिकोण बदलकर निरंतर आगे बढ़ना है
जिन्दादिली और प्रेम से हर पल  को बेह्तरीन करना है 

कुछ सीख लेते हैं किताबों से 
कि दुनिया में ज्ञान का अनंत भंडार है 
हर क्षेत्र में प्रगति के जिससे खुल जाते सारे द्वार है  
ज्ञान ही मददगार है , ज्ञान ही तारणहार है 
जीवन का सबसे श्रेष्ठ उपहार है

कुछ सीख लेते हैं धर्म और अध्यात्म से भी 
विनय विनम्रता और सरलता से जुड़ा हर ज्ञान अभंग है 
धार्मिक और आध्यात्मिक ज्ञान कराता आत्मा-परमात्मा का संग है 
आत्मा के शुद्ध स्वरूप का चिंतन ही जीवन का महत्वपूर्ण अंग है 
निर्वाण पाना ही हर मन की आखिरी तरंग है |

अलका डांगी